कोलकाता (टुडे न्यूज़) : श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में कार सेवा करने वाले राम भक्त अंबुज शर्मा को अंजनी पुत्र सेना की तरफ से सम्मानित किया गया। समारोह के तहत शर्मा जी को संस्था की तरफ से राम दरबार के साथ स्मृति फलक, अंग वस्त्र, रामायण भेंटकर सम्मानित किया गया। उनके साथ अन्य कई कारसेवकों का भी अभिनंदन किया गया। हावड़ा के रहने वाले समाजसेवी अंबुज शर्मा अपने अन्य साथियों के साथ 2 नवंबर, 1990 में राम मंदिर आंदोलन में शामिल होकर कार सेवा की थी। वे पुलिस से छिपते – छिपाते
हुए करीब 200 किलोमीटर रास्ता पैदल चलकर अयोध्या की पवित्र भूमि पर पहुंचे थे। इस रास्ते में उन्हें खेत, नाला, नहर पार करने पड़े थे। राम मंदिर के लिए भूमि पूजन होने पर अंबुज शर्मा ने गर्व के साथ खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि 500 वर्षों के इंतजार के बाद हिंदुओं का सपना साकार हुआ है। रामलला के मंदिर के लिए हुए आंदोलन में काफी संख्या में राम भक्तों ने अपने प्राण न्योछावर किए हैं। कोलकाता के राम शरद कोठारी दोनों भाइयों ने राम मंदिर के आंदोलन में शहादत दे दी। अंबुज शर्मा ने बताया कि उन दोनों भाइयों को जब पुलिस की गोली लगी तब वे वहीं मौजूद थे। आज भी वह दृश्य उन्हें पूरी तरह से याद है और जीवन में वे उसे कभी नहीं भूल पाएंगे।