कोलकाता (टुडे न्यूज़ ): सरस्वती पूजा के उपलक्ष में ‘स्वरांजलि’ ने संगीत उत्सव का आयोजन किया। पाटुली के ‘के’ ब्लॉक स्थित म्यूजिक इंस्टीच्यूट ‘स्वरांजलि’ के समक्ष इस उत्सव का आयोजन किया गया, जहां बच्चे-बड़ों ने गीत-संगीत एवं नृत्य कला का बखूबी प्रदर्शन किया। गीतों एवं बच्चों के नृत्य पर लोग झूम उठे। गायकों ने नए-पुराने गीतों पर खूब तालियां बटोरी। इस दिन ‘स्वरांजलि’ के सचिव एवं संगीत गुरु किशोर शर्मा ने ‘दिल दिया है जान भी देंगे, ऐ वतन तेरे लिए..’ गाकर श्रोताओं का दिल जीत लिया। इस गीत के दौरान शिवम शर्मा एवं प्रियंका शर्मा ने तिरंगा लहराकर लोगों को राष्ट्रीयता की भावना से ओतपोत कर दिया। इन दोनों बच्चों के कला-प्रदर्शन को दर्शकों ने खूब सराहा। नौ वर्षीया दोयल पॉल ने शास्त्रीय नृत्य पेश कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस बच्ची के नृत्य प्रदर्शन से अन्य बच्चे भी प्रेरित हुए। शुभांगी दे ने आधुनिक नृत्य से अपनी कला का प्रदर्शन किया।